Results for "Self Made Millionaire Kids"
छोटी उम्र बड़ा कमाल, अपने दम पर करोड़पति बन मचा रहे हैं धमाल
वो बच्चे, जिन्होंने खेलने की उम्र में करोड़ों की कंपनी खड़ी कर दी

अब बच्चों को बच्चा समझना छोड़िये, जनाब। खेलने-कुदने, बड़ों की अंगुली पकड़कर चलने और अक्षर ज्ञान की उम्र में अब बच्चे करोड़पति बन रहे हैं। वो भी किस्मत से नहीं, बल्कि अपनी क्रिएटिविटी से और अपने शौक को कामयाब कारोबार में बदलकर। 

हम उन बच्चों की बात नहीं कर रहे हैं, जो या तो करोड़पति फैमिली से हैं या फिर किसी अच्छी नौकरी में अच्छी सैलरी कमाने वालों में से हैं, बल्कि खुद के दम पर अपनी मेहनत, काबिलियत और बड़ी सोच से जिन्होंने मिसाल कायम की है। ऐसे बच्चों के सपने को साकार करने में Youtube भी काफी मददगार साबित हो रहा है। इन बाल आंत्रप्रन्योर्स में 6 साल, 9 साल, 14 साल के भी बच्चे शामिल हैं जिनका आज दुनिया लोहा मान रही है। 

तो, आइये जानते हैं उन्हीं में से कुछ कामयाब बच्चों के बारे में...

1). एशले क़्वाल्स  (Ashley Qualls):
एक वेबसाइट से शुरू हुआ कामयाबी का सफर। अमेरिकी शहर डेट्रॉयट की रहने वाली और 4 जून 1990 को जन्मीं एशले क़्वाल्स ने 2014 में महज  14 साल की उम्र में whateverlife.com बनाकर तहलका मचा दिया था। एशले ने इस वेबसाइट को अपनी ही उम्र के लोगों के लिए फ्री माईस्पेस ले आउट और  HTML ट्यूटोरियल के इरादे से तैयार किया था। एशेल की ये वेबसाइट काफी लोकप्रिय हुई। उनके पास कई सारे ऑफर्स आने शुरू हो गए जैसे कि उनके एक अज्ञात खरीदार ने उनको उनकी पसंदीदा कार और  $15 लाख दिए । 

2) जॉन कून (John Koon):
एक 16 साल के बच्चे से आप क्या उम्मीद करते हैं। यही ना, कि वो मन लगाकर पढ़े और कॉलेज खत्म होने के बाद कोई अच्छी सी नौकरी कर ले। लेकिन, जॉन कून का इरादा तो कुछ और ही था। उन्होंने महज 16 साल की उम्र में न्यू यॉर्क में ऑटो पार्ट्स कारोबार शुरू किया। कून के लिए वो पल करोड़ों की दौलत लेकर आया, जब उनकी कंपनी Extreme Performance Motorsports लोकप्रिय  MTV reality show “Pimp My Ride” की सप्लायर बनी। कून यहीं पर नहीं रुके, उन्होंने अब अपने संबंधों का इस्तेमाल कर कपड़ा कंपनी भी शुरू कर दिया, जिससे भी उन्होंने करोड़ो कमाए। 

3) कैमरन जॉनसन (Cameron Johnson): 
9 साल की उम्र में ज्यादातर बच्चे क्या करते हैं। आप कहेंगे कि थोड़ी-बहुत पढ़ाई कर लेते हैं, बेफिक्र होकर मस्तियां करते हैं। लेकिन, क्या आपने कभी सोचा है कि 9 साल का एक बच्चा खुद से अपना कारोबार शुरू कर दे। नहीं ना। तो, जान लीजिए, कैमरन जॉनसन वो शख्स हैं, जिन्होंने महज 9 साल की उम्र में ही अपने घर से ही खुद का पहला बिजनेस शुरू किया। उन्होंने Cheers and Tears नाम से ग्रीटिंग कार्ड कंपनी की शुरुआत की। जबतक जॉनसन हाई स्कूल पहुंचते उन्होंने online advertising और software development का कारोबार
शुरू कर दिया। इस कारोबार से उनको हर महीने करीब $400,000 की आमदनी भी होने लगी। 

4) एडम हिल्ड्रेथ (Adam Hildreth):
उम्र 14 साल और अपने दम पर एक कंपनी की स्थापना। है ना कमाल का काम। जी हां, ये कमाल किसी और ने नहीं, बल्कि एडम हिल्ड्रेथ ने किया। हिल्ड्रेथ जब महज 14 साल के थे तब उन्होंने Dubit Limited नाम से कंपनी बनाई। यह 1999 की बात है। समय के साथ यूके की ये कंपनी देश की सबसे बड़ी teenage websites की लिस्ट में शामिल हो गई। अब यह कंपनी “Youth Marketing Agency” के नाम से ब्रांडिंग करती है। Crisp Thinking के पीछे भी एडम हिल्ड्रेथ का दीमाग है।  Crisp Thinking एक तकनीक है जो कि इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स (ISP’s) के लिए online child protection का काम करती है। 

5) इवान ऑफ यूट्यूब (Evan of YouTube):
यूट्यूब चैनल से तो आप सभी परिचित होंगे। दुनिया भर में लाखों लोगों के लिए यूट्यूब चैनल कमाई का बेहतर जरिया बना हुआ है। मनोरंजन के साथ-साथ ताजा खबर और हर तरह की जानकारी के लिए लोग आज यूट्यूब देख रहे हैं। जिस ब्लॉग पर आप यह पढ़ रहे हैं, उसका भी एक beyourmoneymanager नाम से यूट्यूब चैनल (http://www.youtube.com/channel/UCJcbH9xPAu10wrdod-W04WQ)है ।   ये तो बात रही यूट्यूब की 
लोकप्रियता की। अब आप पूछेंगे कि इसमें इवान ऑफ यूट्यूब का क्या रोल है। तो, जान लीजिए इवान ऑफ यूट्यूब के बारे में। 

इवान ऑफ यूट्यूब ने महज 8 साल की उम्र में ही अपने पिता की मदद से अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था। उन्होंने इस चैनल का नाम EvanTube  रखा। इस यूट्यूब चैनल में खिलौने की समीक्षा और बच्चों से जुड़े मुद्दों की चर्चा की जाती है। इस चैनल से  इवान सालाना $1.3 million की कमाई करते हैं। इस चैनल के 30 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं और करीब दो अरब लोग इसके वीडियो देखे चुके हैं। वो ज्यादातर नए खिलौने और वीडियो गेम्स पर अपना वीडियो बनाता है। 


6) जूलिएट बृंद, मिस ओ एंड फ्रेंड कंपनी (Juliette Brindak):
किसी शख्स का हुन्नर या शौक कैसे उसे करोड़पति बना सकता है, इसका उदाहरण हैं मिस ओ एंड फ्रेंड कंपनी की जूलिएट बृंद। महज 10 साल की उम्र में जूलिएट बृंद ने जब रेखाचित्र के जरिये अलग-अलग पात्रों का चित्रण करना शुरू किया था, तो शायद ही उन्हें पता था कि वो एक दिन अपने इसी हुन्रर के दम पर सेल्फ मेड मिलिनेयर्स किड्स की लिस्ट में अपना नाम दर्ज करवा पाएंगी। जूलिएट को 16 साल की दहलीज तक पहुंचते-पहुंचते उनकी वेबसाइट किशोर और लड़कियों के लिए सामाजिक नेटवर्किंग साइट की पूरक बन गई। 

आज उनकी कंपनी Miss O & Friends की संपत्ति करीब 15 मिलियन से ज्यादा आंकी जा रही है। उनकी कमाई का प्राथमिक जरिया विज्ञापन है। 

7) टायलर डिकमन (Tyler Dikman):
उम्र केवल 5 साल और कोई अपने दम पर अपना कारोबार शुरू कर दे, तो आप विश्वास नहीं कर पाएंगे। लेकिन, टायलर डिकमन ने ऐसा ही किया। उन्होंने महज 5 साल की उम्र में अपना कारोबार शुरू किया। कारोबार भी किसी एक चीज का नहीं, बल्कि एक साथ-साथ कई चीजों का। उनके  कारोबार में lemonade stands, mowing lawns, babysitting, और यहां तक कि magic show भी शामिल था। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने Cooltronics नाम से कंपनी शुरू किया जो कि कम्प्यूटर रिपेयरिंग का काम करती थी। कंपनी शुरू करने के केवल दो साल के भीतर 2001 में ही कंपनी मिलियन डॉलर्स की हो गई। 

8) क्रिश्चियन ओवेन्स (Christian Owens):
15 साल की उम्र में उन्होंने पहला बिजनेस शुरू किया। उन्होंने Mac Bundle Box और Branchr Advertising कंपनी शुरू किया। उन्होंने  16 साल की उम्र में स्कूल जाना छोड़ दिया और महज चार साल के भीतर उन्होंने करोड़ों का डिजिटल कारोबार खड़ा कर लिया। 

9) एडम होर्विट्ज़ (Adam Horwitz):
एडम होर्विट्ज़ उस शख्स का नाम है जिन्होंने महज 15 साल की उम्र में अपने 21 वें जन्मदिन पर करोड़पति बनने का लक्ष्य तय कर लिया था।  एडम ने कई स्टार्ट अप वेबसाइट्स लांच की, लेकिन उसे कामयाबी मिली Mobile Monopoly नाम के मोबाइल एप से। इसके जरिये एडम इसके यूजर्स को मोबाइल मार्केट में मुनाफा कमाने के गुर बताते हैं। उन्होंने कारोबारियों के लिए YepText नाम से  text advertising service भी शुरू की। 

10). डेविड और कैथरीन कुक (David and Catherine Cook): 
डेविड और कैथरीन कुक दोनों भाई-बहन हैं। उन्होंने 2005 मशहूर सोशल मीडिया साइट MYearbook लांच की थी। 2011 में MYearbook का विलय Quepasa Corporation में हो गया और उसका नाम बदलकर MeetMe कर दिया गया। यह मोबाइल पर नए लोगों से मिलने और उनके साथ गपशप करने की सुविधा मुहैया कराता है। 

11) निक डी’एलॉयसियो (Nick D’Aloisio): 
12 साल की उम्र में उन्होंने कोड की भाषा सीखी और 17 साल की उम्र में एक एप की डिजाइन की। ऐसा करने वाले का नाम है निक डी’एलॉयसियो। निक डी’एलॉयसियो ने जिस एप की डिजाइन की, उसे Summly कहा गया। एलॉयसियो  ने Summly को केवल 30 मिलियन डॉलर में Yahoo को बेच दिया। 

12) फरहाद एसिडवाला ( Farrhad Acidwalla):
12 साल की उम्र में महज 500 रुपए से उन्होंने कारोबार की शुरुआत की थी। जी हां,   पुणे, महाराष्ट्र में जन्मे फरहाद एसिडवाला ने महज 12 साल की उम्र में ही इंटरनेट बिजनेस शुरू कर दिया था। साल 2009 में उन्होंने ‘Rockstah Media’ कंपनी बनाई। यह कंपनी वेब डेवलपिंग का काम करती है। इसके लिए फरहाद ने अपने पिता से 500 रुपये उधार लेकर  डोमेन खरीदा था। आज वह इस कंपनी के सीईओ हैं. फरहाद की कामयाबी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक साल के भीतर ही उनकी डेवलपर, मार्केटर्स और डिजाइनर्स की टीम विभिन्न देशों में फैली है। 


13). मैडी ब्रेडशॉ (Maddie Bradshaw):
शौक से शुरू हुआ मिलियनेयर बनने का सफर।  मैडी जब 10 साल की थीं, तो उन्होंने अपने लॉकर सजाने की सोची। लेकिन, उस समय उनको बाजार में लॉकर की सजावट का सामान नहीं मिला। उन्होंने सोडा बोतल कैप 
को सजाना शुरू किया। बाद में उन्होंने M3 Girl Designs नाम की कंपनी की स्थापना की और उस कंपनी की अध्यक्ष बनीं। उन्होंने Maddie Bradshaw’s You Can Start a Business, Too! नाम से किताब भी लिखी है। फिलहाल M3 Girl Designs करोड़ों डॉलर की कंपनी बन गई है। 

14). शॉन बेलनिक (Sean Belnick):
शॉन बेलनिक ने 2001 में महज 500 डॉलर की पूंजी से BizChair.com की स्थापना की थी। यह पहला ऑनलाइन ऑफिस फर्नीचर रिटेलर कंपनी है। 2005 तक इस कंपनी ने 13.6 मिलियन डॉलर की बिक्री की थी। यह कंपनी अभी भी मुनाफे में है। 

15). रेयान केली  (Ryan Kelly):
रेयान केली एक और सेल्फ मेड मिलिनेयर किड हैं। रेयान का कुत्ते के खाने से संबंधित बेकरी का कारोबार है। उस बेकरी का नाम Ryan’s Barkery उन्होंने इसके लिए फंडिंग एक अमेरिकी चैनल के प्रोग्राम Shark Tank से हासिल हुई थी। महज 11 साल की उम्र में रेयान Barbara Corcoran के साथ एक सौदा करने में कामयाब हुए थे। यह बेकरी अभी भी है लेकिन इसका नाम बदलकर अब Ry’s Ruffery हो गया है। 

16) इसाबेला बैरेट (Isabella Barrett):
इसाबेला बैरेट ने एक चैनल के प्रोग्राम Toddlers and Tiaras से काफी मशहूर हुईं। उसके बाद उन्होंने जूलरी और कपड़े का कारोबार शुरू किया। ये सब तह हुआ जब इसाबेला 9 साल की थीं। यानी महज 9 साल की उम्र में ही इसाबेला खुद के दम पर करोड़पति बन गईं। 

17). कायवा कैवोविट ( Kiowa Kavovit): 
एक रंगीन लिक्विड बैंडेज Boo Boo Goo की खोज करने का श्रेय जाता है कायवा कैवोविट को। महज छह साल की उम्र में कायवा एक अमेरिकी चैनल प्रोग्राम Shark Tank में शामिल होकर  $100,000 की मदद हासिल करने में कामयाब रही थीं। आपको बता दें  कि Shark Tank प्रोग्राम में बच्चों की खोज को जगह दी जाती है।

कायवा कैवोविट के दीमाग में रंगीन लिक्विड बैंडेज के बारे में ख्याल से जुड़ी एक कहानी है। कायवा जब चार साल की थीं तब उनके घुटने में चोट लगी। तो,उनके घुटने पर बैंड एड चिपका दिया गया था। कायवा ने अपने इस बैंड एड को देखकर अपने पिता से पूछा," डैड, काश, ऐसा स्कीन होता, जिसे में चोट लगी जगह पर पेंट कर पाता। " अपने इस साधारण से सवाल की वजह से अपने पिता के साथ मिलकर कायवा ने Boo Boo Goo नामक नेचुरल, वाटरप्रूफ स्कीन सुरक्षा पेंट की खोज करने में कामयाब रहीं। इस बैंडेज पर पेंट किया जाता है। 

18) फ़्रैसर डोहर्टी (Fraser Doherty): 
केवल 14 साल की उम्र से ही  फ़्रैसर डोहर्टी ने खुद से जैम बनाना शुरू किया। उन्होंने स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में अपनी दादी मां से जैम बनाना सीखी थीं। 16 साल की उम्र में उन्होंने स्कुल छोड़ दिया और पूरी तरह से जैम बनाने के कारोबार में जुट गईं। उन्होंने सुपरजैम नाम से अपना प्रोडक्ट बेचना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने Envelope Coffee और Beer 52 भी बनाया। 

19) मिकाइला उल्मेर ( Mikaila Ulmer):
अमेरिका के टेक्सास में रहने वाली 11 साल की एक लड़की ने अपनी हुन्नर से 1.10 करोड़ डॉलर (करीब 70 करोड़ रुपए) कमाए हैं। मिकाइला उल्मेर नाम की इस लड़की ने 55 होल फूड स्टोर्स से अपने लेमनेड (नींबू पेय) के ब्रैंड की बिक्री के लिए डील की। ‘बी स्वीट’ नाम का ये पेय अब टेक्सास, ओकलाहोमा, अरकंसास और लुइसियाना में स्टोर्स में बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगा. मिकाइला ने एबीसी टीवी के ‘शार्क टैंक’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया था। 

20). रॉबर्ट नेय (Robert Nay):
Bubble Ball नामक गेमिंग एप से रॉबर्ट नेय महज 14 साल की ही उम्र में रातों रात सनसनी बन गए थे। केवल
दो हफ्ते के भीतर ही इस गेम की बाजार कीमत  दो मिलियन डॉलर आंकी गई। उन्होंने Nay Games नाम से कंपनी बनाई है जिसके तहत अब भी गेम  डेवलप किए जा रहे हैं। 

21). मैडिसन रॉबिन्सन (Madison Robinson):
मैडिसन रॉबिन्सन बच्चों का कपड़ा डिजाइन करती हैं। महज 15 साल की उम्र में ही उन्होंने पहली बार डिजाइन तैयार की थीं। बाद में उन्होंने Fish Flops नाम से कंपनी बनाई और अपने कारोबार का विस्तार किया। बच्चों के कपड़ों के अलावा अन्य कपड़ों का भी डिजाइन और बिक्री करना शुरू किया। 

22). जैक बॉनौए (Jack Bonneau):
जैक बॉनौए की कामयाबी का सफर महज 8 साल की उम्र से शुरू हुआ। उन्होंने नीबू पेय (lemonade) की बिक्री से अपना कारोबारी सफर शुरू किया। अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने Jack’s Marketplaces & Stands नाम से कंपनी भी बनाई। 

23) फ़ाराह ग्रे (Farrah Gray):
अमेरिका के शिकागो के रहने वाले  फ़ाराह ग्रे का कारोबारी शुरू सफर तब शुरू हुआ जब वो महज 6 साल के थे। उन्होंने घर-घर जाकर घर में बने लोशन और हाथ से पेंट किए पत्थर बेचना शुरू किया।  फ़ाराह ने  Farr-Out Food नाम से महज 13 साल की उम्र में अपनी कंपनी बनाई और जब वो 14 वां जन्मदिन मना रहे थे तो 1.5 मिलियन डॉलर का ऑर्डर हासिल करने में कामयाब रहे।  फ़ाराह एक निवेशक, लेखक, कॉलमनिस्ट और 
मोटिवेशनल स्पीकर भी हैं। 

24). कोरी नाइव्स (Cory Nieves):
एक इंसान को किसी कंपनी का सीईओ बनते-बनते काफी लंबा इंतजार करना होता है लेकिन कोरी नाइव्स महज 10 साल की उम्र में ही कंपनी के  सीईओ बन गए। उन्होंने Mr. Cory’s Cookies नाम से कंपनी बनाई थी जहां कोकोओ, कुकीज और नीबू पेय (लेमनेड) की बिक्री की जाती थी। एक बार तो हेल्थ डिपार्टमेंट ने कोरी की कम उम्र की वजह से उनका कारोबार भी बंद करवा दिया था। लेकिन, कोरी ने कभी हिम्मत नहीं हारी।  एक सपने से शुरू हुआ था कोरी का कामयाबी का सफर। कोरी अपनी मां के लिए एक कार खरीदना चाहते थे, लेकिन उनके पास कार खरीदने के पैसे नहीं थे। तब उन्होंने अपने दोस्त के रेस्टोरेंट के बाद हॉट चॉकलेट बेचने का धंधा शुरू किया था। उसके बाद कोरी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखाऔर आज कारोबार की दुनिया में छाए हुए हैं।  

25). गेब्रियल जॉर्डन (Gabrielle Jordan):
गेब्रियल जॉर्डन महज 9 साल की उम्र में Jewelz of Jordan नाम से कंपनी बनाई थी। इसके बाद वो लेखक, पब्लिक स्पीकर और अपना कारोबार शुरू करने वाले बच्चों के मार्गदर्शक भी बने। वो Excel Youth Mentoring Institute के जरिये आंत्रप्रन्योर बच्चों का मार्गदर्शन करते 
हैं। 


एक तरह से हम कह सकते हैं कि कामयाबी उम्र, बैंक बैलेंस नहीं बल्कि कामयाब होने वाले का जुनून देखती है। अगर आपके पास क्रिएटिव आइडिया हो,  बड़ा बनने की ललक हो, नाम-शोहरत कमाना हो तो पहले आपमें वैसा करने का जुनून होना चाहिए, बाकी का काम अपने-आप होता चला जाएगा। और हां, एक बात और ... अब किसी को चुनौती देने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला मुहावरा 'बच्चों का खेल समझ लिया है  क्या' नहीं चलेगा।  

Rajanish Kant शनिवार, 26 अगस्त 2017