इकोनॉमी और गर्मी से परेशान देशवासियों के लिए अच्छी खबर है। देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने दस्तक दे दिया है। केरल ने पहली बारिश का मजा लिया। मौसम विभाग ने करल में मॉनसून पहुंचने की जानकारी दी।  इस बार मॉनसून समय से पहले पहुंचा है। आमतौर पर मॉनसून एक जून को दस्तक देता है, लेकिन इस बार 30 मई को ही पहुंच गया।
समय से पहले मॉनसून से किसानों में भी खुशी की लहर है। खेती और इकोनॉमी के लिए समय पर मॉनसून आना बहुत जरूरी है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश होगी। आज मॉनसून के केरल पहुंचने के साथ ही उत्तर पूर्वी भारत में भी दस्तक देने की उम्मीद है। आमतौर पर केरल में मॉनसून के पहुंचने के कुछ दिनों बाद नॉर्थ ईस्ट में बारिश शुरू होती है। लेकिन, इस बार चक्रवाती तूफान मोरा की वजह से नॉर्थ ईस्ट में मॉनसून जल्द पहुंचेगा। मॉनसूनी बादल फिलहाल बंगाल की खाड़ी से उत्तर की ओर बढ़ रहे हैं। मौसम विभाग ने कहा कि केरल के अलावा लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकांश हिस्सों में भी मॉनसून अगले 24 घंटों में दस्तक दे सकता है।